
गगन कन्नौजिया, दाऊद खान की रिपोर्ट ✍🏻
संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल रामपुर, उत्तर प्रदेश | संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल की राष्ट्रीय अध्यक्ष गीता गुप्ता एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रानू सिंह का रामपुर दौरा अत्यंत महत्वपूर्ण एवं सफल रहा। इस दौरान रामपुर के प्रतिष्ठित एवं सम्मानित व्यापारियों, उद्योगपतियों तथा संगठन के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें व्यापारियों की वर्तमान समस्याओं एवं चुनौतियों पर गंभीर चर्चा हुई।
बैठक में व्यापारियों ने वर्ष 2026 में रामपुर के व्यापारिक एवं औद्योगिक वातावरण से जुड़ी अनेक समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। व्यापारियों ने बताया कि इन्वेस्ट यूपी के अंतर्गत आए करोड़ों रुपये के निवेश प्रस्ताव विवादों के कारण प्रभावित हो रहे हैं, जिससे जिले के औद्योगिक विकास पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। साथ ही अंतरराष्ट्रीय बाजार में अस्थिरता एवं अमेरिकी टैरिफ के कारण रामपुर का प्रसिद्ध मेंथा ऑयल उद्योग गहरे संकट से गुजर रहा है, जिससे हजारों व्यापारी एवं श्रमिक प्रभावित हुए हैं।
व्यापारियों ने ऑनलाइन कारोबार एवं ई-कॉमर्स कंपनियों द्वारा भारी छूट की नीति पर भी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इससे छोटे एवं मध्यम श्रेणी के स्थानीय व्यापारियों का व्यवसाय लगातार प्रभावित हो रहा है।
लगातार बिजली कटौती एवं ट्रिपिंग के कारण उद्योगों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों का कार्य भी बाधित हो रहा है।
बैठक में नगर पालिका द्वारा हाउस टैक्स एवं वॉटर टैक्स में अत्यधिक वृद्धि का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया।
व्यापारियों ने कहा कि बढ़ते करों के कारण व्यापार करना कठिन होता जा रहा है। साथ ही राज्य कर विभाग एवं प्रशासन के साथ नियमित संवाद न होने से व्यापारियों की समस्याओं का समय पर समाधान नहीं हो पा रहा है।
व्यापारियों ने औद्योगिक क्षेत्रों की खराब सड़कों, जलभराव, सुरक्षा व्यवस्था की कमी तथा पुलिस पेट्रोलिंग की आवश्यकता पर भी चिंता व्यक्त की। हाल ही में आई आंधी-तूफान से कई बाजारों एवं दुकानों को हुए नुकसान का मुद्दा भी बैठक में उठाया गया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष गीता गुप्ता ने कहा कि संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल सदैव व्यापारियों के हितों की आवाज मजबूती से उठाता रहेगा और रामपुर के व्यापारियों की सभी समस्याओं को शासन एवं प्रशासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्थानीय व्यापार को सुरक्षित एवं मजबूत करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रानू सिंह ने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं के समाधान हेतु संगठन लगातार संघर्षरत है तथा व्यापारियों के सम्मान, सुरक्षा एवं व्यापारिक हितों की रक्षा के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
बैठक में उपस्थित व्यापारियों ने संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल के नेतृत्व पर विश्वास व्यक्त करते हुए संगठन द्वारा व्यापारिक हितों के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
सधन्यवाद : संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल
