
उत्तर प्रदेश के बहराइच में बच्ची की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, दिनांक 15 मई 2026 की देर शाम वादी श्री मेवा लाल निवासी मथुरा, थाना खैरीघाट ने सूचना दी थी कि उनकी नातिन घर से लापता है। सूचना मिलते ही थाना खैरीघाट पुलिस ने तत्काल संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर बच्ची की तलाश शुरू कर दी। तलाश अभियान के दौरान 16 मई 2026 को मक्के के खेत में बालिका का शव बरामद हुआ। पुलिस ने पंचायतनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस अधीक्षक श्री विश्वजीत श्रीवास्तव के दिशा निर्देश पर जांच के दौरान मैनुअल एवं इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर अरुण पुत्र छोटेलाल निवासी मथुरा, थाना खैरीघाट की घटना में संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घटना के समय पहने गए कपड़े उसने छिपाकर रखे हैं। बरामदगी के लिए ले जाते समय करीब शाम 7 बजे अलीनगर क्षेत्र में वह पुलिस हिरासत से फरार हो गया।
इसके बाद पुलिस टीमों द्वारा लगातार उसकी तलाश की जा रही थी। इसी दौरान सोबतिया मोड़ इमामगंज बांधा पर चेकिंग के समय आरोपी अरुण ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई।
घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए सीएचसी शिवपुर भेजा गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक 12 बोर का तमंचा बरामद किया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

