शाह फैसल की रिपोर्ट:
राजधानी के हजरतगंज कोतवाली अंतर्गत गोखले मार्ग इलाके से एक युवक के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों के मुताबिक घर में हुई मामूली कहासुनी के बाद युवक बिना बताए कहीं चला गया, जिसका काफी प्रयास के बाद भी कोई सुराग नहीं मिल सका है। पीड़ित पिता की शिकायत पर सुल्तानगंज चौकी पुलिस मामला दर्ज कर युवक की सरगर्मी से तलाश कर रही है। मिली जानकारी के अनुसार, लापता युवक की पहचान तैफ़ अहमद पुत्र मोहम्मद बबलू सिद्दीकी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि घर से निकलने के बाद तैफ़ ने अपने भाई (जो रिश्तेदारी में है) और एक दोस्त, जो कैब गाड़ी का काम करते हैं, से बटलर कॉलोनी तक छोड़ने के लिए कहा था। दोनों ने अपनी कार से उसे बटलर कॉलोनी के पास छोड़ दिया। इसके बाद हजरतगंज के सिकंदराबाग इलाके की तरफ जाते समय युवक रहस्यमय तरीके से लापता हो गया। बेटे के अचानक गायब होने से परेशान पिता ने स्थानीय थाने में इसकी सूचना दी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सुल्तानगंज चौकी प्रभारी अपनी टीम के साथ गुमशुदा युवक की तलाश में जुट गए हैं। पुलिस ने पूछताछ के लिए परिजनों के साथ-साथ उन दोनों व्यक्तियों (भाई और दोस्त) को भी चौकी बुलाया है, जिन्होंने युवक को आखिरी बार गाड़ी से छोड़ा था।।
